श्रावस्ती 21 अप्रैल (आरएनएस)। थाना सोनवा क्षेत्र अन्तर्गत राप्ती नदी में डूबने से दो बच्चियों की मौत हो गई। नहाते समय पैर फिसलने से यह हादसा हुआ। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार थाना सोनवानी क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी धर्मराज की 11 वर्षीय बेटी अंशिका और छोटकर की 13 वर्षीय बेटी गुलशन मंगलवार दोपहर घर के पास टहलते हुए राप्ती नदी के किनारे पहुंच गईं। गांव से लगभग 500 मीटर दूर बह रही नदी में दोनों बच्चियां नहाने के लिए उतर गईं। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वे गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। घटना के समय नदी के आसपास मौजूद अन्य बच्चों ने बच्चियों को डूबता देख शोर मचाया और गांव में सूचना दी। परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चियों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर सोनवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि राप्ती नदी में कटान के कारण दोनों बच्चियों के परिवार बीते कई वर्षों से नदी के दूसरी ओर खेतों में अस्थायी आशियाना बनाकर रह रहे हैं। नदी घरों के काफी पास होने के कारण बच्चों का अक्सर नदी किनारे जाना लगा रहता है। बच्चियां परिजनों को बिना बताए नदी तक पहुंच गई थीं, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

