रांची 21 अप्रैल (आरएनएस)। भीम पेमेंट्स ऐप पर अब उपयोगकर्ता अपना सिबिल स्कोर और क्रेडिट सूचना रिपोर्ट देख सकेंगे। ट्रांसयूनियन सिबिल और एनपीसीआई भीम सर्विसेज लिमिटेड की साझेदारी के तहत यह नई सुविधा शुरू की गई है। इसके जरिए उपभोक्ता ऐप के भीतर ही सुरक्षित रूप से अपना सिबिल स्कोर, क्रेडिट स्थिति और अन्य जरूरी जानकारी देख व ट्रैक कर सकेंगे। कंपनी के अनुसार यह व्यवस्था सहमति आधारित मॉडल पर काम करेगी, जिसमें उपयोगकर्ता की अनुमति मिलने के बाद ही जानकारी उपलब्ध होगी, जिससे पारदर्शिता और नियंत्रण सुनिश्चित होगा। भीम ऐप पहले से ही डिजिटल भुगतान, खर्च प्रबंधन, स्प्लिट एक्सपेंस, फैमिली मोड, स्पेंड्स एनालिटिक्स और एक्शन नीडेड रिमाइंडर जैसी सुविधाएं देता है। अब सिबिल स्कोर जुडऩे से उपयोगकर्ता केवल लेनदेन ही नहीं, बल्कि अपनी क्रेडिट प्रोफाइल पर भी नजर रख सकेंगे। इससे ऋण, क्रेडिट कार्ड और अन्य वित्तीय सेवाओं से जुड़े निर्णय लेने में आसानी होगी। ट्रांसयूनियन सिबिल के एमडी एवं सीईओ भावेश जैन ने कहा कि यह कदम क्रेडिट जागरूकता और क्रेडिट समावेशन को मजबूत करेगा तथा लोगों को अधिक जागरूक और सशक्त बनाएगा। वहीं एनपीसीआई भीम सर्विसेज लिमिटेड की एमडी एवं सीईओ ललिता नटराज ने कहा कि भीम ऐप को सरलता और उपयोगकर्ता नियंत्रण को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, और यह नई सुविधा लोगों को रोजमर्रा के वित्तीय लेनदेन के साथ बेहतर योजना बनाने में मदद करेगी। यह फीचर भीम ऐप के वर्जन 4.0.19 और उससे ऊपर के संस्करणों में उपलब्ध है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

