बीजापुर, 22 अप्रैल (आरएनएस)। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र यादव के निर्देश पर यातायात प्रभारी केशव ठाकुर एवं रोड सेफ्टी सेल के आरक्षक अवध राम सिन्हा द्वारा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 135 के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग पर संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया गया।इस निरीक्षण में राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के एसडीओ अविनाश राव, जिला परिवहन अधिकारी किशन लाल माहौर तथा थाना जंगला पुलिस की टीम भी शामिल रही। टीम ने उन स्थानों का विशेष रूप से निरीक्षण किया, जहां सड़क दुर्घटनाएं अधिक हो रही हैं।
निरीक्षण के दौरान कई महत्वपूर्ण कारण सामने आए। पाया गया कि अधिकांश दुर्घटनाएं तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के कारण हो रही हैं। इसके अलावा सड़क किनारे लगे बैरियर में रिफ्लेक्टिव टेप का अभाव भी एक बड़ा कारण पाया गया, जिससे रात के समय दृश्यता कम हो जाती है।
टीम ने यह भी पाया कि कई स्थानों पर रोड मार्किंग, ज़ेबरा क्रॉसिंग, कैट आई, चेतावनी बोर्ड, स्पीड लिमिट बोर्ड और टर्निंग संकेतक बोर्ड की कमी है, जिसके चलते वाहन चालकों को पर्याप्त दिशा-निर्देश नहीं मिल पाते।
यातायात प्रभारी केशव ठाकुर और आरक्षक अवध राम सिन्हा ने मौके पर मौजूद लोगों और वाहन चालकों को समझाइश देते हुए सुरक्षित वाहन चलाने, गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। साथ ही संबंधित विभागों को आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए गए।प्रशासन का यह कदम सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

