कोरबा 23 अप्रैल (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक पति ने नशा की हालत में वहशियत को अंजाम दिया। इस घटना ने सनसनी फैला दी। बालको थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रजगामार पुलिस चैकी क्षेत्र के ग्राम बुंदेली में यह घटना बुधवार दोपहर घटित हुई। गांव में तब सनसनी फैल गई जब एक व्यक्ति अपनी पत्नी का कटा हुआ सिर और काटने में उपयोग किया गया कटारनुमा चाकू लेकर घूमता रहा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम बुंदेली निवासी सालिक राम पिता राम प्रसाद यादव रोजी-मजदूरी का काम करता है। वह गांव के ही किसी फार्म हाउस में रहकर मजदूरी आदि कार्य किया करता था। उसने आज अपनी पत्नी से हुए विवाद के बाद शराब के नशा में तैश में आकर धारदार चाकू से पत्नी का गर्दन ही काट दिया।
पति का वहशीपन यहीं नहीं थमा बल्कि उसने पत्नी के धड़ को यूं ही छोड़ दिया और बिना किसी दु:ख व पश्चाताप के कटे हुए सिर को प्लास्टिक की बोरी में रखा। चाकू भी इस बोरी में रखा और मोटरसाइकिल की डिक्की में बोरी को रखकर पुलिस चैकी रजगामार जाने के लिए निकल पड़ा। रास्ते में एक पोल्ट्री फार्म के पास रुक कर उसने लोगों को बताया कि वह पुलिस चैकी जा रहा है, उसने अपनी पत्नी का सिर काट दिया है।
उसकी इस हरकत पर लोगों को सहसा यकीन नहीं हुआ लेकिन जब उसे कुरेद कर लोगों ने पूछा और बोरी में क्या रखा है, उसे निकाल कर दिखाने के लिए कहा तो उसने बोरी खोलकर कटे हुए सिर और चाकू को बाहर निकाल कर लोगों को दिखाया। आरोपी सालिकराम यादव ने लोगों को बताया कि उसकी पत्नी उस पर शक करती थी, उसके चरित्र पर संदेह करती थी। किसी भी महिला को लेकर लांछन लगाती थी। वह कहता रहा कि क्या मालिक की पत्नी भी उसकी पत्नी हो गई, वह तो वहां काम करता है, लेकिन मेरी पत्नी उसे जोड़कर संदेह करती थी और विवाद करती रहती थी।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

