0- 210 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ बोलेरो जब्त
= अजय चक्रधारी =
बलरामपुर, 23 अप्रैल (आरएनएस)। जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 210 लीटर अंग्रेजी शराब और एक बोलेरो वाहन जब्त किया है। यह शराब मध्य प्रदेश से तस्करी कर लाई जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी बलंगी अंतर्गत तुंगवा चेक पोस्ट पर नियमित जांच के दौरान संदिग्ध बोलेरो वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान तस्करों ने वाहन नहीं रोका और नाका तोड़ते हुए फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि वाहन चालक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों को कुचलने की नीयत से तेज गति में गाड़ी बढ़ाई, जिससे जवानों को अपनी जान बचाने के लिए कूदना पड़ा।
इसके बाद पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की। पीछा करने पर रघुनाथनगर थाना क्षेत्र के एक बंद पड़े पेट्रोल पंप के पास तस्कर वाहन और शराब छोड़कर झाडिय़ों में फरार हो गए।
पुलिस ने मौके से बोलेरो वाहन और 210 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त कर ली है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
0

