रायपुर,23 अप्रैल (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र में घर से लॉकर चोरी कर फरार हुई नौकरानी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से 2.50 लाख रुपये नगद और चोरी किया गया लॉकर बरामद किया गया है।पुलिस के अनुसार, देवपुरी स्थित डॉल्फिन ज्वेल में रहने वाले देवाशीष गुरु ने थाना न्यू राजेन्द्र नगर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि फरवरी 2026 से उन्होंने प्रिया ढीढी (19 वर्ष), निवासी ग्राम भोरिंग जिला महासमुंद को घर और बच्ची की देखभाल के लिए काम पर रखा था।21 अप्रैल 2026 की शाम प्रार्थी अपने दोस्त की शादी में बेमेतरा गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी और बच्ची शंकर नगर गई थीं। इस दौरान घर में नौकरानी प्रिया ढीढी अकेली थी। रात करीब 8 बजे घर लौटने पर देखा गया कि नौकरानी गायब है और बेडरूम की अलमारी खुली हुई है। अलमारी में रखा लॉकर भी गायब था, जिसमें 2,50,000 रुपये नगद रखे थे।शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) के निर्देश पर एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच तेज की। घटनास्थल के सीसी टीवी फुटेज खंगालने पर आरोपी नौकरानी को लॉकर ले जाते हुए देखा गया।तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी प्रिया ढीढी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि वह लॉकर खोलने में असफल रही।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पूरा नगद और लॉकर बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

