रांची 23 अप्रैल (आरएनएस)। एनपीसीआई भारत बिलपे लिमिटेड (एनबीबीएल) ने भारत कनेक्ट इकोसिस्टम पर बीमा श्रेणी के तहत डाक जीवन बीमा को बिलर के रूप में शामिल किया है, जहां भारतीय स्टेट बैंक बिलर ऑपरेटिंग यूनिट के रूप में कार्य कर रहा है। इस एकीकरण के बाद अब पॉलिसीधारक भारत कनेक्ट से जुड़े ऑनलाइन और ऑफलाइन चैनलों के माध्यम से आसानी से अपने प्रीमियम और नवीनीकरण भुगतान कर सकेंगे। डाक विभाग द्वारा संचालित डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा की 1.25 करोड़ से अधिक सक्रिय पॉलिसियों को इसका लाभ मिलेगा, जहां प्रतिदिन करीब 2.5 लाख लेनदेन प्रोसेस किए जाते हैं। कंपनी के अनुसार इस पहल से भुगतान प्रक्रिया अधिक सरल, तेज और पारदर्शी बनेगी तथा डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा। भारत कनेक्ट प्लेटफॉर्म पर बीमा श्रेणी में बिलर्स की संख्या बढ़कर 65 हो चुकी है, जो डिजिटल भुगतान की बढ़ती मांग को दर्शाता है। एनबीबीएल की एमडी एवं सीईओ नुपुर चतुर्वेदी ने कहा कि यह पहल देशभर के पॉलिसीधारकों के लिए भुगतान को आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है, वहीं डाक सेवाओं के महानिदेशक जितेंद्र गुप्ता ने इसे विभाग के डिजिटल परिवर्तन की दिशा में अहम कदम बताया। भारत कनेक्ट का इकोसिस्टम लगातार विस्तार कर रहा है और अब इसमें 29 से अधिक श्रेणियों में 22,640 से ज्यादा बिलर्स जुड़े हैं, जबकि यह 700 से अधिक ऐप्स और 5 लाख से अधिक एजेंट्स के जरिए देशभर में उपलब्ध है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

