अनुष्का, अदिति, परी, श्रेया और पूजा ने रचा इतिहास, बेटियों ने किया कमाल
महारानी लक्ष्मी बाई मेमोरियल और श्री सांई इंटर कॉलेज का रहा दबदबा
बाराबंकी 23 अप्रैल (आरएनएस)। यूपी बोर्ड परीक्षा में इस वर्ष बाराबंकी जिले की होनहार बेटियों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मेहनत, लगन और अनुशासन से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट 2026 के परिणामों में एक बार फिर बेटियों ने इतिहास रच दिया है। मेरिट सूची में टॉप-3 स्थानों पर पूरी तरह लड़कियों का कब्जा रहा, जिससे यह साफ हो गया कि प्रदेश में बेटियां अब शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। खास बात यह रही कि इस बार टॉप-3 में एक भी बेटे को जगह नहीं मिल सकी। बाराबंकी की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में दूसरा और तीसरा स्थान हासिल कर अपने जिले का नाम रोशन किया। जनपद की बेटियों ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हुए यह साबित कर दिया कि छोटे शहरों की छात्राएं किसी से कम नहीं हैं। इन परिणामों ने यह भी दिखाया है कि अब शिक्षा के क्षेत्र में भौगोलिक सीमाएं मायने नहीं रखतीं। छोटे शहरों और कस्बों से आने वाली बेटियां सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और लगन के दम पर बड़े मुकाम हासिल कर रही हैं। परिवारों का बढ़ता समर्थन और शिक्षा के प्रति जागरूकता भी इस सफलता के पीछे एक बड़ा कारण माना जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, बेटियों की इस उपलब्धि से समाज में सकारात्मक बदलाव का संकेत मिलता है। जहां पहले बड़े शहरों के छात्रों का दबदबा होता था, वहीं अब छोटे जिलों की छात्राएं भी बराबरी से प्रतिस्पर्धा कर रही हैं। यूपी बोर्ड इंटर 2026 का यह परिणाम न सिर्फ छात्राओं के लिए बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। यह संदेश साफ है कि अगर अवसर और समर्थन मिले, तो बेटियां हर क्षेत्र में अव्वल साबित हो सकती हैं। बताते चलें कि यूपी बोर्ड परीक्षा के नतीजों में बेटियों का दबदबा इस बार और भी अधिक देखने को मिला। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों ही परीक्षाओं की टॉप-10 सूची में बेटियों ने बेटों को पीछे छोड़ दिया। इस वर्ष 2026 की हाईस्कूल परीक्षा में जिले की टॉप-10 सूची में कुल 15 छात्रों ने स्थान बनाया है। इनमें 12 बेटियां और 3 बेटे शामिल हैं। यह संख्या पिछले वर्ष की तुलना में न केवल अधिक है, बल्कि बेटियों की बढ़ती भागीदारी और सफलता का भी संकेत है। वहीं इस बार इंटर की टॉप-10 सूची में 11 विद्यार्थियों ने स्थान बनाया, जिसमें 8 बेटियां और 3 बेटे शामिल हैं। पिछले वर्ष 2024 में यह आंकड़ा बेटियों के लिहाज से काफी कम था। इस बार हाईस्कूल में द मॉडर्न एकेडमी इं. कॉलेज जैदपुर की छात्रा अनुष्का वर्मा 97.83 प्रतिशत अंक पाकर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं इसी स्कूल की छात्रा अदिति ने 97.50 प्रतिशत अंक पाकर दूसरे तथा परी वर्मा 97.33 प्रतिशत अंक पाकर तीसरे स्थान पर रही। इसके अलावा महारानी लक्ष्मी बाई मेमोरियल इं कॉलेज, लखपेड़ाबाग की छात्रा दिव्या और संध्या सिखा को 96.67 प्रतिशत मिले। इन्हें प्रदेश में चौथा स्थान मिला। इसी स्कूल की छात्रा निधि 96.50 प्रतिशत अंक पाकर पांचवें स्थान पर रही। किसान इं कॉलेज, इस्माइलपुर की छात्रा मोनिका यादव और महारानी लक्ष्मी बाई मेमोरियल इं कॉलेज, लखपेड़ाबाग की छात्रा शिक्षा मिश्रा ने 96.33 प्रतिशत अंक पाकर छठा स्थान प्राप्त किया। महारानी लक्ष्मी बाई मेमोरियल इं कॉलेज, लखपेड़ाबाग की छात्रा अराध्या राज 96.17 प्रतिशत अंक पाकर सातवे स्थान पर रही। इसी स्कूल की छात्रा अर्पिता और श्री छोटेलाल इं कॉलेज की छात्रा शगुन वर्मा ने 96.00 प्रतिशत अंक पाकर आठवां स्थान प्राप्त किया। श्री सांई इं कॉलेज, बड़ेल के छात्र संस्कार वर्मा ने 95.67 प्रतिशत अंक पाकर नवां स्थान प्राप्त किया। महारानी लक्ष्मी बाई मेमोरियल इं कॉलेज, लखपेड़ाबाग की छात्रा अपर्णा गुप्ता, सुभाष आदर्श इं कॉलेज, कुरौली के छात्र आदित्य पटेल और श्री सांई इं कॉलेज, बड़ेल के छात्र अम्बुज यादव ने 95.50 प्रतिशत अंक पाकर प्रदेश में दसवां स्थान प्राप्त किया।
बाक्स
श्रेया वर्मा और पूजा पाल बनी यूपी टॉपर
बाराबंकी। यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में महारानी लक्ष्मी बाई मेमोरियल इं कॉलेज, लखपेड़ाबाग की छात्रा श्रेया वर्मा ने 97.20 प्रतिशत अंक पाकर प्रदेश में दूसरा और जिले में पहला स्थान हासिल किया। वहीं इसी स्कूल की छात्रा पूजा पाल ने 97.00 प्रतिशत अंक पाकर प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया। इसके अलावा महारानी लक्ष्मी बाई मेमोरियल इं कॉलेज, लखपेड़ाबाग की छात्रा अर्पिता जायसवाल ने 96.80 प्रतिशत अंक पाकर चौथा स्थान प्राप्त किया। श्री सांई इं कॉलेज, बड़ेल के छात्र आदित्य वर्मा ने 96.00 प्रतिशत अंक पाकर पांचवा स्थान प्राप्त किया। महारानी लक्ष्मी बाई मेमोरियल इं कॉलेज, लखपेड़ाबाग की छात्रा आकांक्षा वर्मा ने 95.20 प्रतिशत अंक पाकर छाठा स्थान प्राप्त किया। एबीएसएन इं. कॉलेज भिटरिया के छात्र अंशुमान सिंह ने 94.80 प्रतिशत अंक पाकर सातवां स्थान प्राप्त किया। श्री सांई इं कॉलेज, जैदपुर की छात्रा नाइला उवैद 94.40 प्रतिशत अंक पाकर आठवां स्थान प्राप्त किया। श्री सांई इं कॉलेज, लखपेड़ाबाग की छात्रा अनुष्का वर्मा ने 93.60 प्रतिशत अंक पाकर 9वां स्थान प्राप्त किया। सरस्वती विद्या मंदिर इं कॉलेज की छात्रा दीपांशी और प्रतिभा एसएन इं कॉलेज नरैनी की छात्रा ने सिदरा वारसी 93.40 प्रतिशत अंक पाकर दसवां स्थान प्राप्त किया। श्री सांई इं कॉलेज, लखपेड़ाबाग के छात्र अतुल कुमार वर्मा ने 92.60 प्रतिशत अंक पाकर प्रदेश में ग्यारहवां स्थान प्राप्त किया।
बाक्स
हर साल बेटियों की बढ़ती चमक
बाराबंकी। पिछले चार वर्षों के रुझानों को देखें तो यह स्पष्ट होता है कि बेटियों की भागीदारी ओर सफलता में लगातार इजाफा हो रहा है। इस वर्ष दोनों वर्गों में बेटियां बेटों से आगे निकल गई। यह न केवल शिक्षा के क्षेत्र में एक सुखद संकेत है, बल्कि समाज में बदलते नजरिए और बेटियों को दिए जा रहे प्रोत्साहन का प्रमाण भी है। बेटियों की इस सफलता ने जिले का मान तो बढ़ाया ही है, साथ ही यह संदेश भी दिया है कि बेटियां अब सिर्फ घर तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि शिक्षा के हर मोर्चे पर अपनी काबिलियत का लोहा मनवा रही हैं। ये बेटियां आने वाले समय में डॉक्टर, इंजीनियर, अफसर और शिक्षिका बनकर समाज को नई दिशा देंगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

