मोहाली/चंडीगढ़ 24 April, (Rns)- विदेश में नौकरी का झांसा देकर युवाओं के अपहरण और करोड़ों रुपये की फिरौती वसूलने का सनसनीखेज मामला सामने आने के बाद “पंजाब अगेंस्ट करप्शन” संस्था ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है।
संस्था के अध्यक्ष सतनाम दाऊँ और सदस्य नवनीत फाजिल्का ने गुरुवार को आरोप लगाया है कि ट्रैवल एजेंटों और अंतरराष्ट्रीय गिरोह की मिलीभगत से पंजाब, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के युवाओं को निशाना बनाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, युवाओं को दक्षिण कोरिया भेजने का लालच देकर उन्हें थाईलैंड और खाड़ी देशों के रास्ते इथियोपिया पहुंचाया गया, जहां एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही उनका अपहरण कर लिया गया। परिजनों को भेजे गए ऑडियो-वीडियो में पीड़ितों के साथ बेरहमी से मारपीट और यातना के दृश्य सामने आए हैं। अपहरणकर्ता प्रति युवक करीब 50 लाख रुपये की फिरौती मांग रहे हैं।
सतनाम दाऊँ ने कहा कि मुख्य आरोपी, जो खुद को “खान बाबा” बताता है, व्हाट्सएप के जरिए धमकियां देते हुए पैसे की मांग करता है और भुगतान न होने पर हत्या तक की चेतावनी देता है।परिवारों का कहना है कि पुलिस और भारतीय दूतावासों को सूचना देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। कई परिवार अपने बच्चों को छुड़ाने के लिए भारी रकम चुका चुके हैं, जबकि कुछ युवक अब भी बंधक बने हुए हैं।संस्था ने राज्य सरकार से इंटरपोल की मदद लेने, फर्जी एजेंटों पर सख्त कार्रवाई करने और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की मांग की है, ताकि और युवाओं को इस जाल में फंसने से बचाया जा सके।

