जौनपुर 24 अप्रैल (आरएनएस)। लाइन बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत चैकिया चैराहे पर शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने खड़ी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ई-रिक्शा पलट गया और उसमें सवार चार लोग घायल हो गए। वहीं बाइक सवार युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुल्तानपुर जिले के कटघरा चिरानीपट्टी निवासी विवेक निषाद (20), शुभम निषाद (22) और उर्मिला देवी (36) चैकिया माता के दर्शन के लिए जौनपुर आए थे। रोडवेज बस से उतरने के बाद उन्होंने चैकिया चैराहे तक जाने के लिए ई-रिक्शा किया था।जैसे ही ई-रिक्शा चैकिया चैराहे पर पहुंचा, वहां पहले से खड़ी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा पलट गया और उसमें सवार सभी लोग बुरी तरह घायल हो गए।हादसे में बाइक सवार अमित यादव (24), निवासी सलोनी महिमापुर थाना गौरा बादशाहपुर, भी गंभीर रूप से घायल हो गया।स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ई-रिक्शा सवारों का इलाज चल रहा है। वहीं अमित यादव की हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद ई-रिक्शा चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

