रायपुर, 25 अप्रैल (आरएनएस)। रायपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। इससे पहले जारी सूची को प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) ने अनुमोदन नहीं मिलने का हवाला देते हुए निरस्त कर दिया था। संगठन के भीतर चल रही खींचतान की चर्चाओं के बीच अब नई सूची जारी होने के साथ ही अटकलों पर विराम लग गया है।
पीसीसी द्वारा शनिवार को जारी नई कार्यकारिणी में कुल 61 सदस्यों को शामिल किया गया है। इसमें 12 उपाध्यक्ष, 19 महामंत्री, 20 सचिव और 10 कार्यकारिणी सदस्य बनाए गए हैं। वहीं सचिन अग्रवाल को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बताया जा रहा है कि पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने हाल ही में हुई समीक्षा बैठक में कार्यकारिणी और वार्ड अध्यक्षों की नियुक्ति में देरी को लेकर नाराजगी जताई थी। इसके बाद पहले जारी सूची को निरस्त कर नई सूची को अंतिम रूप दिया गया।
नई कार्यकारिणी को मंजूरी मिलने के बाद अब संगठन को मजबूती देने और आगामी गतिविधियों को गति देने पर जोर दिया जाएगा।
०


