० 46 केंद्रों पर 12 हजार से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल
जगदलपुर, 25 अप्रैल (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल (व्यापम) द्वारा 26 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली मंडी उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारियां बस्तर जिले में पूर्ण कर ली गई हैं।
यह परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक जिले के कुल 46 केंद्रों पर संचालित की जाएगी, जिसमें 12,136 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा की शुचिता और अखंडता बनाए रखने के लिए कलेक्टर आकाश छिकारा के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं, जिसके तहत नकल और अनुचित साधनों के प्रयोग को रोकने हेतु 5 विशेष उडऩदस्ता दलों का गठन किया गया है। इन दलों को निर्देशित किया गया है कि वे परीक्षा कक्षों के साथ-साथ केंद्र परिसर और मुख्य द्वारों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण करें।
परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए नियुक्त किए गए उडऩदस्ता दलों और पर्यवेक्षकों (ऑब्जर्वर्स) का प्रशिक्षण 24 अप्रैल को जिला कार्यालय के प्रेरणा हॉल में संपन्न हुआ, जहां उन्हें मास्टर ट्रेनर्स द्वारा बारीकियों से अवगत कराया गया। पर्यवेक्षकों को परीक्षा के एक दिन पूर्व केंद्रों का निरीक्षण करने और व्यापम के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रत्येक केंद्र पर एक महिला और एक पुरुष सुरक्षाकर्मी की तैनाती की गई है, जो हैंडहेल्ड मेटल डिटेक्टर के माध्यम से अभ्यर्थियों की जांच करेंगे।
परीक्षा केंद्र पर सत्यापन की प्रक्रिया को सुचारू बनाने हेतु अभ्यर्थियों को सुबह 7:30 बजे रिपोर्ट करने की सलाह दी गई है, ताकि निर्धारित समय पर फ्रिस्किंग का कार्य पूर्ण किया जा सके।
परीक्षार्थियों को केवल हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े और फुटवियर में चप्पल पहनकर आने की हिदायत दी गई है। काले, गहरे नीले, जामुनी, मैरून या गहरे चॉकलेटी जैसे रंगों के कपड़े पहनकर आने पर पाबंदी रहेगी। साथ ही परीक्षा कक्ष के भीतर मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, ब्लूटूथ डिवाइस, पर्स, बेल्ट, टोपी और यहां तक कि कान के आभूषण ले जाना भी पूर्णत: वर्जित है। जो अभ्यर्थी किसी धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक में आएंगे, उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा जांच के उपरांत ही अनुमति दी जाएगी, जिसके लिए उन्हें सामान्य समय से पहले केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अनुचित साधनों का उपयोग करने पर अभ्यर्थी की पात्रता तत्काल समाप्त कर कठोर कार्रवाई की जाएगी, अत: परीक्षार्थी केवल अपने साथ नीले या काले बॉल पॉइंट पेन ही लेकर आएं।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

