-102 कुत्तों का हुआ टीकाकरण व उपचार
मिल्कीपुर-अयोध्या ,25 अपै्रल (आरएनएस)। विश्व पशु चिकित्सा दिवस के अवसर पर आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज के पशु चिकित्सा विज्ञान एवं पशुपालन महाविद्यालय द्वारा शनिवार को बारात घर, आलू मंडी परिसर में नि:शुल्क श्वान स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में क्षेत्र के पशुपालकों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने पालतू एवं आवारा कुत्तों को लाकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर के दौरान कुत्तों के लिए नि:शुल्क कृमिनाशन, रेबीज टीकाकरण तथा सामान्य स्वास्थ्य जांच की समुचित व्यवस्था की गई थी। विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की टीम ने न केवल श्वानों का उपचार किया, बल्कि पशु मालिकों को उनके उचित पालन-पोषण, संतुलित आहार, नियमित टीकाकरण और स्वच्छता बनाए रखने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष डॉ. सोनू जायसवाल के नेतृत्व में डॉ. सौरभ, डॉ. अनिल सिंह एवं डॉ. राजेश कुमार वर्मा ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभी चिकित्सकों ने पूरी तत्परता के साथ पशुओं की जांच एवं उपचार किया। शिविर के संचालन में स्नातक के चतुर्थ एवं अंतिम वर्ष के छात्रों का भी सराहनीय योगदान रहा। छात्रों ने पंजीकरण, पशुओं की संभाल और उपचार प्रक्रिया में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। शिविर का मुख्य उद्देश्य पशु स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ आम जनमानस में पशु कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस पहल को क्षेत्रीय लोगों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। शिविर में कुल 102 कुत्तों का सफलतापूर्वक टीकाकरण और उपचार किया गया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

