बेल्ट, घड़ी, टोपी, चश्मा उतरवाकर केंद्रों में अभ्यर्थियों को मिला प्रवेश
प्रयागराज ,25 अपै्रल (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को जिले के 37 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हो रही है। केंद्रों पर कुल 84,096 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। तीन दिवसीय परीक्षा में कुल छह पालियां रखी गई हैं, जिनमें हर पाली में 14,016 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक हुई। परीक्षा केंद्रों में शहर क्षेत्र में 31, यमुनानगर में चार और गंगानगर में दो केंद्र बनाए गए हैं।
उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती-2025 की तीन दिवसीय लिखित परीक्षा शनिवार से जिले में शुरू हो गई। पहले दिन पहली पाली में 14,016 अभ्यर्थी शामिल होना है। सुबह 8 बजे से ही परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों का पहुंचना शुरू हो गया, जिससे कई स्थानों पर भीड़ देखने को मिली।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। केंद्रों के बाहर पुलिस ने अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली। इस दौरान अभ्यर्थियों से जूते, बेल्ट, घड़ी, टोपी, चश्मा और ब्लूटूथ डिवाइस उतरवाकर चेकिंग की गई। साथ ही प्रवेश द्वारों पर विशेष सतर्कता बरती गई और हर केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।
बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शहर में आने को देखते हुए यातायात पुलिस विशेष रूप से अलर्ट है। टेंपो/टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ द्विवेदी के साथ खाका तैयार कर परीक्षा दिवस यातायात को सुचारु रखने, परीक्षार्थियों की सुविधा और यातायात सुरक्षा संबंधी निर्देश जारी किए गए हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

