भिलाई-दुर्ग , 26 अप्रैल (आरएनएस)। भिलाई-दुर्ग खुर्सीपार थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के चलते हत्या की एक घटना सामने आई है।
दरअसल खुर्सीपार थाना क्षेत्र में एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान विक्रम सोना के रूप में हुई है, जो पेशे से फेब्रिकेशन का काम करता था। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि आरोपी और मृतक के बीच पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जो समय के साथ बढ़कर हिंसक झगड़े में बदल गया।
बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन सुबह आरोपी ने फिर से विवाद शुरू किया और गुस्से में आकर टंगिये से विक्रम सोना पर हमला कर दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल अवस्था में परिजन उसे तत्काल सुपेला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही खुर्सीपार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

