नईदिल्ली,26 अपै्रल (आरएनएस)। देश के अधिकांश राज्यों में गर्मी का कहर बढ़ता जा रहा है। कई जगह तापमान सामान्य से 5 डिग्री तक ऊपर चला गया है। शनिवार को देश में सर्वाधिक तापमान उत्तर प्रदेश के बांदा शहर में 47.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.2 डिग्री ज्यादा था। भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम के 10 राज्यों में दिन और रात को गर्म हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। दूसरी तरफ पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश होने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का असर 28 अप्रैल तक बना रहेगा, लेकिन 29 अप्रैल से 1 मई के बीच अंधड़ के साथ बारिश होने की संभावना है। राजस्थान में शनिवार को पारा 45.7 डिग्री (बाड़मेर) तक पहुंच गया है। हालांकि, बीकानेर, सीकर, सवाई माधोपुर और बाड़मेर में बारिश हुई, जबकि राजसमंद में ओले भी गिरे। बिहार के कई जिलों में तेज बारिश देखने को मिली। यहां 28 अप्रैल तक मौसम खराब रहने के आसार हैं।
दिल्ली में आज दिन में लू का कहर झेलना पड़ेगा, लेकिन शाम होते ही बादल छाने से थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं। कुछ जगह बूंदाबांदी भी हो सकती है। इस दौरान 25-35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके चलते अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री रहने की संभावना है। इसी के साथ हरियाणा और चंडीगढ़ में भी गर्म हवाएं चलेंगी, जबकि पंजाब में 30 अप्रैल तक बारिश-अंधड़ का अलर्ट है।
उत्तराखंड में 26-28 अप्रैल तक कई जिलों में बारिश की चेतावनी दी गई है, लेकिन कुछ इलाकों में लू का प्रकोप देखने को मिलेगा। हिमाचल प्रदेश में बादल बरस सकते हैं। कश्मीर में शनिवार को रुक-रुक कर बारिश हुई, जिससे लोगों को लू से राहत मिली, लेकिन आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पूर्वोत्तर राज्य असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना है, जिससे बाढ़ के हालात बन सकते हैं।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

