लखनऊ 26 अप्रैल (आरएनएस )। थाना महिगवां क्षेत्र में किशोरी को कार में बैठाकर ले जाने और उसके साथ छेड़छाड़ करने के मामले में पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार करते हुए एक अन्य को अभिरक्षा में लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, जबकि मामले में आगे की विवेचना जारी है।पुलिस के अनुसार 21 अप्रैल 2026 को वादी द्वारा थाना महिगवां पर तहरीर देकर बताया गया था कि 17 अप्रैल 2026 को अभियुक्तों ने उसकी पुत्री को कार में बैठाकर ले गए और उसके साथ छेड़छाड़ की। इस संबंध में थाना महिगवां पर मुकदमा संख्या 49/2026 धारा 137(2)/74 बीएनएस तथा 7/8 पाक्सो अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया, जिसकी विवेचना उपनिरीक्षक अंसार अहमद द्वारा की जा रही थी।पुलिस टीम 25 अप्रैल 2026 को मुसपिपरी चौराहे पर गश्त के दौरान मौजूद थी, तभी मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि उक्त मुकदमे से संबंधित आरोपी गुलालपुर मोड़ पर खड़े हैं और कहीं जाने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।पूछताछ में एक अभियुक्त ने अपना नाम अनन्त पुत्र श्रीपाल निवासी ग्राम शाहपुर नजूल थाना महिगवां, लखनऊ उम्र लगभग 25 वर्ष बताया, जबकि दूसरे व्यक्ति ने अपनी उम्र 16 वर्ष बताई। पुष्टि होने पर अभियुक्त को उसके अपराध से अवगत कराते हुए गिरफ्तार किया गया तथा दूसरे व्यक्ति को नियमानुसार अभिरक्षा में लिया गया।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी एवं अभिरक्षा की कार्यवाही के दौरान सर्वोच्च न्यायालय एवं मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त अनन्त को 25 अप्रैल 2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अंसार अहमद, उपनिरीक्षक जयप्रकाश सिंह, बाल कल्याण अधिकारी प्रिया बाजपेई तथा आरक्षी कमलेश कुमार थाना महिगवां की पुलिस टीम शामिल रही।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

