लखनऊ 26 अप्रैल (आरएनएस )। अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं नगर आयुक्त गौरव कुमार ने रविवार 26 अप्रैल को शहर के जोन-5 और जोन-2 में संचालित जनगणना प्रशिक्षण केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने जोन-5 स्थित इंडिया लिटरेसी बोर्ड तथा जोन-2 स्थित ईदगाह परिसर में चल रहे प्रशिक्षण सत्रों का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में जाकर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों से संवाद स्थापित किया तथा उन्हें जनगणना कार्य के महत्व से अवगत कराते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके आधार पर भविष्य की नीतियों और योजनाओं का निर्माण किया जाता है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।नगर आयुक्त ने प्रशिक्षण केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। विशेष रूप से भोजन और पेयजल की समुचित व्यवस्था बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि प्रशिक्षण में शामिल कर्मियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। साथ ही प्रशिक्षण का वातावरण अनुशासित और सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए, ताकि प्रतिभागियों को प्रभावी ढंग से प्रशिक्षण प्राप्त हो सके।
इस दौरान नगर आयुक्त ने जोनल अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जो प्रगणक और पर्यवेक्षक लगातार प्रशिक्षण से अनुपस्थित हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में उच्च अधिकारियों को तत्काल सूचना भेजते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।इसके अतिरिक्त उन्होंने सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के लिए एक अलग संदेश समूह बनाने के निर्देश दिए, जिसके माध्यम से प्रशिक्षण के बाद भी सभी कर्मी मास्टर प्रशिक्षकों से जुड़े रह सकेंगे और आवश्यकता पडऩे पर आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन तुरंत प्राप्त कर सकेंगे।नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को प्रशिक्षण की गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिभागियों को जनगणना से जुड़े तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं की समुचित जानकारी दी जाए, क्योंकि प्रशिक्षित और जिम्मेदार कर्मी ही जनगणना प्रक्रिया को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

