लखनऊ, 26 अप्रैल (आरएनएस ) । नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित ‘अर्बन चैलेंज फंडÓ से संबंधित रणनीतिक विचार-विमर्श बैठक में भाग लिया। बैठक में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए परियोजनाओं की प्राथमिकता तय करने, निर्णय प्रक्रिया को सरल बनाने, अनुमोदन प्रणाली को सुदृढ़ करने तथा निधियों के समयबद्ध निर्गमन सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने कहा कि अर्बन चैलेंज फंड के तहत निर्धारित एक लाख करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता देश के शहरी विकास को नई दिशा देने वाली ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि यह फंड राज्यों और शहरों को आर्थिक विकास केंद्र के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार शहरी क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और अर्बन चैलेंज फंड के अंतर्गत चिन्हित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि एकीकृत कमांड एवं नियंत्रण केंद्र, नगर सेवाओं का डिजिटलीकरण, ड्रोन आधारित अतिक्रमण प्रबंधन, ट्रांजिट आधारित विकास, डंपसाइट पुनर्वास, अपशिष्ट प्रबंधन, विरासत संरक्षण तथा स्ट्रीट लाइटिंग जैसी परियोजनाएं शहरों की कार्यक्षमता और जीवन गुणवत्ता में व्यापक सुधार लाएंगी।मंत्री ए. के. शर्मा ने कहा कि यह पहल न केवल शहरी अवसंरचना को सुदृढ़ करेगी, बल्कि रोजगार सृजन, निवेश आकर्षण और सतत विकास को भी गति देगी। उन्होंने भरोसा जताया कि केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों से उत्तर प्रदेश के शहर आधुनिक, सुव्यवस्थित और आत्मनिर्भर बनेंगे।बैठक में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, प्रमुख सचिव नगर विकास पी. गुरु प्रसाद, अन्य राज्यों के प्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों तथा शहरी विकास क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने भाग लिया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

