लखनऊ 26 अप्रैल (आरएनएस )। थाना मोहनलालगंज क्षेत्र में कूटरचित दस्तावेज तैयार कर भूमि पर अवैध कब्जा करने के मामले में पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता शिवकुमार पुत्र रामनाथ निवासी ग्राम सहायखेड़ा, थाना मौरावां, जनपद उन्नाव ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि ग्राम बिरसिंहपुर, थाना निगोहां, तहसील मोहनलालगंज स्थित गाटा संख्या-65 की भूमि पर विपक्षी दुलारा पत्नी शत्रुहन तथा दशरथ, लवकुश, आकाश और विकास पुत्रगण स्वर्गीय शत्रुहन निवासी ग्राम नेवलखेड़ा, मजरा डेहवा, थाना मोहनलालगंज, लखनऊ द्वारा कूटरचित पारिवारिक रजिस्टर की नकल तैयार कर अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया है।शिकायतकर्ता के अनुसार उक्त भूमि से संबंधित वाद न्यायालय में विचाराधीन है तथा इस संबंध में न्यायालय द्वारा पूर्व में स्थगन आदेश भी पारित किया जा चुका है। इसके बावजूद आरोपियों ने तथ्यों को छुपाते हुए कूटरचित दस्तावेज तैयार कर न्यायिक तहसीलदार मोहनलालगंज से 19 अक्टूबर 2023 को एकपक्षीय आदेश प्राप्त कर लिया। इस सूचना के आधार पर थाना मोहनलालगंज में मुकदमा संख्या 29/26 धारा 420, 467, 468 व 471 भादवि के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया था।विवेचना के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि गाटा संख्या-65 के संबंध में न्यायालय में वाद विचाराधीन है। इसी बीच विपक्षी रामकुमार पुत्र दयाराम द्वारा वर्ष 2011 में उक्त भूमि का विक्रय राजाराम पुत्र महावीर के पक्ष में किया गया था। राजाराम अपने पिता महावीर के इकलौते पुत्र थे, जिनकी वर्ष 2016 में मृत्यु हो गई थी। राजाराम की मृत्यु के बाद शत्रोहन पुत्र अंगनू के पुत्र दशरथ व अन्य सह-अभियुक्तों द्वारा षड्यंत्रपूर्वक कूटरचित पारिवारिक रजिस्टर तैयार कराया गया, जिसमें वास्तविक तथ्यों को छुपाते हुए अपने पिता शत्रोहन के पिता अंगनू के स्थान पर महावीर का नाम दर्ज करा दिया गया।पुलिस के अनुसार उक्त फर्जी पारिवारिक रजिस्टर के आधार पर आरोपियों ने न्यायिक तहसीलदार मोहनलालगंज के समक्ष वाद प्रस्तुत कर एकपक्षीय आदेश प्राप्त किया और गाटा संख्या-65 को अपने तथा अपने परिजनों के नाम वरासत में दर्ज करा लिया। इसके बाद अवैध लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से उक्त भूमि का एग्रीमेंट भी किया गया।उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त दशरथ पुत्र शत्रोहन निवासी ग्राम नेवलखेड़ा, थाना मोहनलालगंज, लखनऊ की संलिप्तता प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाई गई। पुलिस ने 25 अप्रैल 2026 को अभियुक्त दशरथ को ज्योतिनगर तिराहा, थाना मोहनलालगंज क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। शेष अभियुक्तों की तलाश तथा साक्ष्य संकलन की कार्यवाही जारी है।गिरफ्तारी की कार्रवाई में उपनिरीक्षक सौरभ सिंह तथा उपनिरीक्षक अरुण कुमार की टीम शामिल रही।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

