लखनऊ 26 अप्रैल (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गाजीपुर के करंडा कटरिया प्रकरण को लेकर कहा है कि बयान बदलवाने से सच नहीं बदलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश ने इतना कमजोर मुख्यमंत्री कभी नहीं देखा, जो घोर अत्याचार के शिकार गरीब और बेबस पीडि़तों पर दबाव डालकर बयान बदलवाते हैं।अखिलेश यादव ने कहा कि कई गंभीर सवाल उठ रहे हैं, जिनका जवाब मिलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कराने में इतनी देर क्यों हुई, पीडि़त पक्ष के बयान क्यों बदलवाए गए, पीडि़त परिवार को और अधिक उत्पीडि़त क्यों किया जा रहा है, पुलिस पर पथराव करने वाले वर्चस्ववादियों के खिलाफ कार्रवाई करने से किसने रोका और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सवालिया निशान क्यों लग रहा है।
उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि सभी को वास्तविक घटना की जानकारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट कुछ भी कहे, गांव के हर घर को जमीनी सच्चाई मालूम है। सब जानते हैं कि घटना क्या हुई और क्या कहलवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद गांव के हर समाज तक भाजपा के झूठ की बात पहुंच गई है, जिससे पीडीए समाज में गहरा गुस्सा और आक्रोश व्याप्त है।अखिलेश यादव ने कहा कि गाजीपुर की बेटी हत्याकांड, हाथरस की बेटी हत्याकांड की पुनरावृत्ति जैसा है। उन्होंने कहा कि दोनों घटनाओं में एक समानता यह है कि पीडि़त परिवार पीडीए वर्ग से थे और उत्पीड़क वर्चस्ववादी थे। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि दिखावटी कार्रवाई से क्या पीडि़त परिवार को न्याय मिल पाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अन्याय की मूल वजह समाज में भेदभाव है, इसलिए केवल न्याय का राज नहीं बल्कि सामाजिक न्याय का राज स्थापित करना आवश्यक है।उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय का राज लाने का पीडीए का मिशन स्वतंत्रता के बाद एक और वास्तविक स्वतंत्रता का आंदोलन है। यह ऐसा आंदोलन है जो लोगों की सोच में बदलाव लाने की बात करता है। उन्होंने कहा कि बराबरी की भावना सच्चे लगाव से उत्पन्न होती है और जब शोषक और शोषित का भेद समाप्त हो जाएगा तथा लोग मन से समता को स्वीकार कर लेंगे, तभी वास्तविक स्वतंत्रता का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर संघर्षरत है और हर परिस्थिति में इस लड़ाई को लड़कर जीत हासिल करेगी, चाहे इसमें समय लगे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

