बुलंदशहर ,26 अपै्रल (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के खुर्जा नगर इलाके में जन्मदिन का जश्न उस समय भयावह हो गया जब चेहरे पर केक लगाने को लेकर हुए मामूली विवाद में 3 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान अमरदीप सैनी, मनीष सैनी और आकाश सैनी के रूप में हुई है। इस मामले का मुख्य आरोपी जीतू सैनी है और उसका ही जन्मदिन मनाया जा रहा था। घटना के बाद वह अपने अन्य साथियों के साथ फरार हो गया।
जन्मदिन की पार्टी, जो पहले एक स्थानीय जिम में और बाद में एक घर के पास आयोजित की गई थी, उस समय बिगड़ गई जब पीडि़तों ने कथित तौर पर जीतू के चेहरे पर केक मल दिया। इस मासूम हरकत के कारण अप्रत्याशित प्रतिक्रिया हुई और तीखी बहस छिड़ गई। पीडि़तों में से एक के भाई संजय सैनी ने बताया कि विवाद के बाद आरोपी चले गए, लेकिन भारी हथियारों के साथ वापस लौट आए।
संजय ने बताया कि उन्हें आरोपी का फोन आया, जिसमें उसने कहा, तुम्हारा भाई गाली-गलौज कर रहा है। उन्होंने सुबह बात करने का वादा करके स्थिति को शांत करने की कोशिश की। हालांकि, शांति की गुहार को अनसुना करते हुए, आरोपी कथित तौर पर 7 या 8 लाइसेंसी हथियारों के साथ वापस आया और पहुंचते ही गोलीबारी की घटना शुरू कर दी। अमरदीप, मनीष और आकाश को कई गोलियां लगीं और अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंतरिक्ष जैन ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 6 टीमें गठित की गई हैं। मेरठ रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) कलानिधि नैथानी ने भी देर रात घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा, शिकायतों और लोगों द्वारा बताई गई घटनाओं के आधार पर कुछ युवकों का जिम में किसी बात पर झगड़ा हुआ था। आरोपियों में से एक अपना जन्मदिन मना रहा था और उसकी दौरान यह दुखद घटना घटी।
फोरेंसिक टीमों ने विस्तृत विश्लेषण के लिए घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। स्थानीय पुलिस जांच के तहत आसपास के क्षेत्र में छानबीन कर रही है और सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है। हालांकि, अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

