दमोह 26 अप्रैल (आरएनएस)। रविवार सुबह भतीजे ने अपने ही चाचा की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने सब्बल से कई वार किए और पत्थर से सिर कुचल दिया। हमले के बाद मृतक की आंखें तक बाहर निकल आईं।
नोहटा पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान रोंड गांव निवासी चुन्नू रैकवार (51) के रूप में हुई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतक की बेटी सुषमा रैकवार ने बताया कि रविवार सुबह करीब 7 बजे वह पिता को जगाने पहुंची। उसने देखा कि पिता घर के पास बने बाड़े में खून से लथपथ पड़े थे। घायल अवस्था में चुन्नू रैकवार ने बताया कि उनके भतीजे रामजी रैकवार ने हमला किया।
बेटी ने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद चुन्नू रैकवार को दमोह जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अभिषेक पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
मृतक के भाई नन्हें रैकवार ने बताया कि वह रात में बारात में गए थे। सुबह बेटे का फोन आया कि बड़े पिताजी की हत्या हो गई। मौके पर खून से सने पत्थर पड़े थे और आरोपी रामजी रैकवार के कपड़ों पर भी खून के निशान थे।
शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। बेटी के मुताबिक, आरोपी पहले भी विवाद करता था और धमकी देता था। घायल अवस्था में भी चुन्नू रैकवार ने हमलावर के रूप में रामजी रैकवार का नाम लिया।
ग्रामीणों के अनुसार, परिवार में पहले कभी कोई बड़ा विवाद सामने नहीं आया था। घटना के समय मृतक और उसकी बेटी घर पर अकेले थे, जबकि आरोपी अपने माता-पिता के साथ घर में मौजूद था। परिवार के अन्य सदस्य आनू गांव में एक शादी समारोह में गए थे। सुबह सूचना मिलने पर वे सीधे गांव पहुंचे।
पुलिस के मुताबिक, मृतक के सिर, गर्दन और सीने में गंभीर चोटें आई हैं। आरोपी शराब का आदी बताया जा रहा है और आए दिन विवाद करता था। कुछ दिन पहले भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था।
थाना प्रभारी अभिषेक पटेल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। वह फिलहाल फरार है और उसकी तलाश में पुलिस टीम छापेमारी कर रही है।
मृतक चुन्नू रैकवार की पत्नी भगवती रैकवार की 4 साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। बेटा शुभम महाराष्ट्र में नौकरी करता है। दो बेटियां घर पर ही रहती हैं। एक बेटी की शादी हो चुकी है।

