जबलपुर 26 अप्रैल।(आरएनएस)। पनागर थाना क्षेत्र के नया गांव में मामूली विवाद के चलते एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, बिहार निवासी आदित्य पासवान पनागर स्थित जुपिटर वेगन फैक्ट्री में काम करता था। उसी फैक्ट्री में पश्चिम बंगाल निवासी सोमनाथ भी कार्यरत था। बताया जा रहा है कि मृतक सोमनाथ शराब के नशे में अपनी पत्नी से गाली-गलौज कर रहा था, जिस पर आदित्य ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा और हाथापाई हो गई।
विवाद के दौरान आदित्य ने कमरे में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से सोमनाथ पर हमला कर दिया। वार कंधे के पास लगा, जिससे नस कट गई। गंभीर रूप से घायल सोमनाथ को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देशन में एक टीम गठित की गई। पनागर थाना प्रभारी विपिन सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।

