नई दिल्ली,26 अपै्रल (आरएनएस)। दिल्ली विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र का आयोजन मंगलवार 28 अप्रैल को सुबह 11 से बजे पुराने सचिवालय स्थित विधानसभा हॉल में होगा. यह जानकारी रविवार को दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने दी.
उपराज्यपाल (एलजी) की मंज़ूरी मिलने के बाद आठवीं विधानसभा का पांचवां सत्र बुलाने के संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है. इसी से जुड़े एक घटनाक्रम में स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने यह भी बताया कि उपराज्यपाल ने आठवीं विधानसभा के चौथे सत्र को तत्काल प्रभाव से सत्रावसान कर दिया है.
इस औपचारिक आदेश के साथ, चल रहे लंबे सत्रों का आधिकारिक रूप से समापन हो गया है, जिससे नए सत्र में एक व्यवस्थित बदलाव संभव हो सकेगा. आगामी कार्यवाही को सुचारू बनाने के लिए, दिल्ली विधानसभा सचिवालय ने कार्यवाही के निर्बाध और सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं.
हाल ही में मिली बम की धमकियों के मद्देनजऱ, सचिवालय ने पूरे परिसर में सुरक्षा प्रोटोकॉल को काफ़ी मज़बूत कर दिया है. सत्र के दौरान सदस्यों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुराने सचिवालय में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और एक व्यापक सुरक्षा घेरा स्थापित किया गया है.
इससे पहले पिछले महीने सदन की कार्यवाही में बजट सत्र में कुल 7 कैग रिपोर्ट सदन के पटल पर प्रस्तुत की गई. इसके अलावा पहले प्रस्तुत की गई कैग रिपोर्ट पर पीएसी की रिपोर्ट भी लंबे समय बाद सदन में प्रस्तुत की गई. विधानसभा अध्यक्ष ने बताया था कि कैग की अब कोई रिपोर्ट लंबित नहीं है. अब तक की सारी पुरानी लम्बित कैग रिपोर्ट सदन में प्रस्तुत हो चुकी हैं.
उन्होंने बताया था कि तीन कैग रिपोर्ट जिससे संबंधित पीएसी की रिपोर्ट सदन में पेश की गई उनमें शराब नीति, पॉल्यूशन और हेल्थ विभाग से संबंधित पीएसी की रिपोर्ट शामिल हैं. पीएसी की रिपोर्ट के सदन में प्रस्तुत होने के बाद उसको सदन ने स्वीकार भी किया और उसको आगे की कार्रवाई के लिए सम्बंधित विभागों को भेज दिया गया है. इस तरह से तीन कैग रिपोर्ट पर पूरी प्रक्रिया संपन्न हो गई. बाकी की सात कैग रिपोर्ट को भी पीएसी को भेज दी गई है.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

