रायपुर, 27 अप्रैल (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में 50 लाख रुपये के गबन मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी ड्राइवर कृष्णा साहू सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 49 लाख 50 हजार रुपये नकद, एक एमजी विंडसर कार और वारदात में इस्तेमाल वर्ना कार जब्त की गई है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 66.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरे घटनाक्रम का मास्टरमाइंड स्वयं ड्राइवर कृष्णा साहू था। उसने अपने रिश्तेदारों और परिचितों के साथ मिलकर पहले से साजिश रची और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अखिलेश की शिकायत पर थाना खम्हारडीह में मामला दर्ज किया गया। 25 अप्रैल 2026 को कंपनी के ड्राइवर कृष्णा साहू और अकाउंटेंट भूपेंद्र देवांगन लगभग 50 लाख रुपये लेकर बैंक गए थे, लेकिन बैंक बंद होने के कारण वे रकम लेकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गीतांजलि नगर स्थित भारत माता चौक के पास ड्राइवर ने बहाने से अकाउंटेंट को कार से उतार दिया और नकदी सहित फरार हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा खम्हारडीह थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया। लगातार दबिश के बाद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि गबन की रकम को उसने अपने साथियों के साथ मिलकर बांट लिया था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया।
सभी आरोपियों के खिलाफ खम्हारडीह थाना में अपराध क्रमांक 136/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भी जांच जारी है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

