मिल्कीपुर-अयोध्या 27 अप्रैल (आरएनएस)। कुमारगंज क्षेत्र के राष्ट्रीय विद्यापीठ इंटर कॉलेज, पिठला में सोमवार को हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के साथ-साथ अभिभावकों की भी उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।
समारोह के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. रमेश कुमार मिश्रा ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति से ही व्यक्ति सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम अत्यंत सराहनीय रहा है, जिसमें हाईस्कूल का परिणाम 98.02 प्रतिशत तथा इंटरमीडिएट का परिणाम 98.8 प्रतिशत रहा। प्रधानाचार्य ने इस उत्कृष्ट सफलता का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों की मेहनत और विद्यार्थियों के अनुशासन को दिया। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षकों ने पूरे समर्पण और लगन से छात्रों को तैयार किया, जिसका परिणाम आज सभी के सामने है।
समारोह में इंटरमीडिएट की छात्रा शिवांजली मिश्र ने 80 प्रतिशत तथा छात्र सुधांशु सिंह ने 81 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। वहीं हाईस्कूल में आलोक यादव ने 88 प्रतिशत और आनंद ने 87.6 प्रतिशत अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय के प्रबंधक विमलेंद्र प्रताप शाही ने इस अवसर पर प्रधानाचार्य एवं समस्त शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय का निरंतर बेहतर होता परीक्षा परिणाम संस्था की गुणवत्ता और अनुशासन का प्रमाण है। उन्होंने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने भी विद्यालय के बेहतर प्रबंधन, अनुशासन और उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम की सराहना की। पूरे समारोह का माहौल उत्साह और गर्व से भरा रहा, जहां मेधावी छात्रों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

