चंडीगढ़ , 27 अप्रैल (आरएनएस )। पंजाब की राजनीति में जारी हलचल के बीच नवनीत चतुर्वेदी ने सोमवार को चंडीगढ़ प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता कर अक्टूबर 2025 के राज्यसभा चुनाव विवाद, हालिया घटनाक्रम और अपने खिलाफ लगे आरोपों पर अपनी स्थिति स्पष्ट की। चंडीगढ़ प्रेस क्लब में मीडिया से बातचीत करते हुए नवनीत चतुर्वेदी ने कहा कि उनका नाम और चेहरा पंजाब के लिए गुमनाम नहीं है। अक्टूबर 2025 में हुए पंजाब राज्यसभा चुनाव के दौरान उन पर नामांकन में गड़बड़ी करने के आरोप लगाए गए थे। पर्चे दर्ज कराए गए कि उन्होंने आम आदमी पार्टी के विधायकों के फर्जी हस्ताक्षर किए। उस समय उन्हें “ऑपरेशन लोटस” का मास्टरमाइंड बताया गया, किसी ने उन्हें भाजपा का एजेंट कहा, तो किसी ने “फ्रॉड 420” तक घोषित कर दिया।
उन्होंने कहा कि सबसे दिलचस्प बात यह है कि जिन लोगों ने ये आरोप लगाए, वे आज खुद भाजपा में शामिल हो चुके हैं और अब दावा कर रहे हैं कि उनके साथ पंजाब के 63 आम आदमी पार्टी के विधायक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि संभव है कि जिन्होंने उनके खिलाफ शिकायतें दर्ज कराईं या बयान दिए, वे भी आगे चलकर भाजपा में शामिल हो जाएं। चतुर्वेदी ने सवाल उठाया कि जब भाजपा में ही शामिल होना था, तो अक्टूबर में इतना “ड्रामा” करने की क्या जरूरत थी। उन्होंने आरोप लगाया कि राजिंदर गुप्ता के लिए उन पर झूठे और मनगढ़ंत आरोप लगाए गए, फर्जी मुकदमे दर्ज किए गए और उन्हें जेल भेजा गया। उन्होंने कहा कि आज की स्थिति “नेचुरल जस्टिस” का उदाहरण है, क्योंकि जिनके लिए यह सब किया गया, वही राजिंदर गुप्ता अब पार्टी बदल चुके हैं।
उन्होंने बताया कि उन्होंने राजिंदर गुप्ता के चुनाव को निरस्त करने की मांग करते हुए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में इलेक्शन पिटिशन (श्वक्क-2/2025) दाखिल की है। इस मामले में गुप्ता को नोटिस जारी किया जा चुका है, लेकिन वे पिछली दो तारीखों से किसी न किसी बहाने से जवाब देने से बच रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा में शामिल होकर गुप्ता यह संदेश देना चाहते हैं कि अब कानून उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। चतुर्वेदी ने यह भी उल्लेख किया कि जब वरिष्ठ अधिवक्ता सत्यपाल जैन हाईकोर्ट में गुप्ता की ओर से पेश हुए थे, तभी उन्हें संकेत मिल गया था कि गुप्ता भाजपा में शामिल होने की तैयारी में हैं। उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम का असर गुप्ता के व्यावसायिक हितों, विशेषकर ट्राइडेंट ग्रुप, पर भी पड़ सकता है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

