कोलकाता,27 अपै्रल (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के तहत दूसरे और अंतिम चरण का मतदान 29 अप्रैल को है, जिसका चुनाव प्रचार सोमवार को शाम 5 बजे समाप्त हो गया। चुनाव प्रचार समाप्ति के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक ऑडियो संदेश और पत्र को एक्स पर साझा कर बंगाल के लोगों से भाजपा को वोट कर जिताने का आग्रह किया है। इससे पहले उन्होंने बैरकपुर में अपनी अंतिम चुनावी जनसभा में लोगों को 5 गारंटी दी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने बंगाल के लोगों को 5 गारंटी दी। पहली गारंटी- सरकारी भर्तियों की घोषणा निर्धारित समय पर होगी और भर्तियां पारदर्शी होंगी। नियुक्ति पत्र रोजगार मेले में दिए जाएंगे। दूसरी गारंटी- सभी रिक्त पदों को जल्द भरा जाएगा। सरकारी कर्मचारियों को 7वां वेतन आयोग का लाभ देंगे। तीसरी गारंटी- स्कूल-कॉलेजों में कंटेंट क्रिएटर लैब स्थापित होंगे। चौथी गारंटी- गांवों में 125 दिन का रोजगार देंगे। पांचवीं गारंटी- शहरों में रेहड़ीवालों को को पीएम स्वनिधि योजना का लाभ मिलेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने ऑडियो संदेश में कहा, बंगाल में रैलियों और रोड शो के दौरान मुझे इतने भावपूर्ण संदेश और चित्र मिले कि मैं उन्हें कभी नहीं भूलूंगा। कार्यक्रमों के बाद, मैं रात में समय निकालकर प्रत्येक चित्र को ध्यान से देखता हूं और कलाकारों द्वारा व्यक्त की गई भावनाओं पर विचार करता हूं। मैं आपके संदेश और पत्र भी पढ़ता हूं। उन्होंने कहा कि बंगाल की चुनावी यात्रा के दौरान उन्हें कभी थकावट नहीं हुई।
पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों में 152 पर पहले चरण में मतदान हो चुका है। अब 29 अप्रैल बुधवार को 142 सीटों पर मतदान होगा। इस चरण में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की भवानीपुर सीट पर भी मतदान होगा। मतगणना 4 मई को होगी।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

