-गौशालाओं के सुदृढ़ीकरण और पेयजल व्यवस्था के लिए अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
चित्रकूट 27 अप्रैल (आरएनएस)। डीएम पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित कैंप सभागार में गौशालाओं के संचालन और जनपद में पेयजल की स्थिति की समीक्षा के लिए महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने पशुओं के संरक्षण और आमजन को सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
गौशालाओं की समीक्षा करते हुए डीएम ने निर्देश दिए कि गौशालाओं में उपलब्ध भूसे (चारे क्रय किया गया हो या दान स्वरूप प्राप्त) की प्रविष्टि अनिवार्य रूप से गो आश्रय पोर्टल पर फीडिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पर्याप्त मात्रा में भूसा भंडारण करने के निर्देश दिए। स्पष्ट किया कि जिन गौशालाओं में पशुओं की संख्या 100 से कम है उन्हें समीपवर्ती अन्य गौशालाओं में स्थानांतरित किया जाए। पशुओं के चारे की उपलब्धता पर चर्चा करते हुए मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में 25 गौशालाओं के पास स्वयं के हरे चरागाह उपलब्ध हैं। सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शेष गौशालाओं के लिए भूमि चिह्नित कर वहां नेपियर घास की बुआई कराएं। इसके अतिरिक्त क्षतिग्रस्त चरही की सूची अविलंब उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने पशुओं के लिए छाया टीन शेड, शुद्ध पेयजल, हरा चारा और भूसे की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने चरवाहों के मानदेय का भुगतान समयबद्ध तरीके से करने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि इस संबंध में कोई भी शिकायत प्राप्त नहीं होनी चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पशुओं को केवल चरवाहों की उपस्थिति में ही चराई के लिए बाहर निकाला जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी स्थिति में पशु व्यक्तिगत किसानों की कृषि भूमि में न घुसें। जनपद में पेयजल की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने मानिकपुर सहित अन्य क्षेत्रों में पानी की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने समस्त खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन ग्राम पंचायतों में पेयजल की समस्या है। वहां तत्काल प्रभाव से टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उपलब्ध सभी टैंकरों का सक्रिय उपयोग करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, हैंडपंपों की कार्यक्षमता की जांच कर उनकी मरम्मत सुनिश्चित करने और अद्यतन सूची प्रेषित करने के लिए निर्देशित किया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल, अपर जिलाधिकारी चंद्रशेखर, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

