चित्रकूट 27 अप्रैल (आरएनएस)। आनंदेश्वरम् संगीत अकादमी द्वारा आयोजित आनंदेश्वरम् महोत्सव-2026 के तहत चतुर्थ वार्षिक समारोह का आयोजन भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में अकादमी के विद्यार्थियों ने शास्त्रीय संगीत, वादन एवं नृत्य की विविध प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं गणेश वंदना के साथ हुआ, जिसके बाद स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया गया। समारोह में अकादमी के विद्यार्थियों द्वारा म्यूजिकल ऑर्केस्ट्रा, शास्त्रीय राग गायन, तबला वादन, लोक संगीत, गजल, कव्वाली एवं भजन की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। छोटे बच्चों द्वारा राग यमन पर आधारित गीतों की प्रस्तुति और वरिष्ठ विद्यार्थियों द्वारा राज कपूर के लोकप्रिय गीतों ने खूब सराहना बटोरी। वहीं लोक संगीत एवं राम भजन समूह की प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया। कथक नृत्य एवं रामायण पर आधारित नाट्य प्रस्तुति भी दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम के अंत में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं सहित अन्य प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों व प्रतिभागी विद्यार्थियों को ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही संगीत के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए कई गणमान्य व्यक्तियों को आनंदेश्वरम् संगीत सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया।
अकादमी के निदेशक विनय कुमार पांडेय ने कहा कि संगीत केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि आत्मा की अभिव्यक्ति है। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि अकादमी के छात्र राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता जगदीश गौतम, ग्रामोदय विश्वविद्यालय के प्रो. डॉ विवेक फडनीश, भूतपूर्व प्रो. लल्लूराम शुक्ला, जेआरएसएसयू के प्रो. डॉ गोपाल कुमार मिश्र, डॉ रजनीश कुमार सिंह, दृष्टि सेवा संस्थान के संस्थापक शंकर लाल गुप्ता, जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी श्यामसुंदर मिश्रा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष चन्द्रप्रकाश खरे, समाजसेविका डॉ ज्योति उपाध्याय, गीता देवी जायसवाल, सिद्धार्थ गुप्ता, गणेश मिश्रा, अर्चना उपाध्याय, रश्मी बाजपेयी, डॉ. प्रदीप शुक्ला, विजय नारायण गर्ग, विपिन कुमार गुप्ता, दिनेश कुमार द्विवेदी, सत्यनारायण यादव, पुरुषार्थ द्विवेदी आदि मौजूद रहेे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

