रांची 27 अप्रैल (आरएनएस)। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर झारखंड प्रादेशिक अग्रवाल सम्मेलन के पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल के निर्वाचित होने पर श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। ट्रस्ट से जुड़े लोगों ने इसे झारखंड राज्य के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है। ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ ने संयुक्त रूप से कहा कि दिल्ली में आयोजित अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव में बसंत कुमार मित्तल ने भारी मतों से विजय प्राप्त कर झारखंड का मान बढ़ाया है। यह विजय केवल एक व्यक्ति की सफलता नहीं, बल्कि झारखंड के अग्रवाल समाज की प्रतिष्ठा और संगठनात्मक क्षमता का प्रमाण है।उन्होंने कहा कि बसंत कुमार मित्तल लंबे समय से सामाजिक, धार्मिक एवं संगठनात्मक कार्यों से जुड़े रहे हैं। उनके नेतृत्व अनुभव, समाजसेवा की भावना तथा संगठन को मजबूत बनाने की क्षमता के कारण उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक समर्थन प्राप्त हुआ। समाज के लोगों को विश्वास है कि उनके नेतृत्व में अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा तथा देशभर में समाज को एक नई दिशा मिलेगी।राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद बसंत कुमार मित्तल ने वृंदावन स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन किए तथा आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर को श्रद्धा, विनम्रता और संस्कारों से जुड़ा संदेश बताते हुए ट्रस्ट पदाधिकारियों ने कहा कि सफलता के बाद ईश्वर के प्रति आस्था प्रकट करना भारतीय संस्कृति की पहचान है। ट्रस्ट के सदस्यों ने कहा कि मित्तल का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना झारखंड के युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक है। इससे राज्य के सामाजिक संगठनों को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान मिलेगी। बसंत कुमार मित्तल को बधाई देने वालों में ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष निर्मल जालान, राजेंद्र अग्रवाल, सचिव मनोज चौधरी, सज्जन पाडिय़ा, निर्मल छावनिका, पूरणमल सर्राफ, सुरेश चौधरी, मधुसूदन जाजोदिया, सुरेश अग्रवाल,संजय सर्राफ,शिव भगवान अग्रवाल, नंदकिशोर चौधरी,सुनील पोद्दार, विष्णु सोनी, दीपेश निराला, अंजनी अग्रवाल, अरविंद अग्रवाल, मनीष सोनी, सुरेश भगत, ज्ञान प्रकाश शर्मा आदि शामिल हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

