ऋषिकेश,27 अपै्रल (आरएनएस)। सीबीएसई बोर्ड की 10वीं कक्षा के परिणामों में डीएसबी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों के शानदार प्रदर्शन पर विभिन्न सामाजिक संगठनों ने स्कूल के परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी महाराज का स्वागत किया। इस अवसर पर ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी महाराज ने कहा कि शिक्षा जीवन निर्माण का आधार है। किसी बच्चे को बेहतर शिक्षा देना जितनी संतुष्टि प्रदान करता है, वह कहीं और नहीं मिलती। इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा तथा 150 से अधिक विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर नया कीर्तिमान बनाया। सोमवार को विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि जयराम आश्रम पहुंचे और विद्यालय की इस उपलब्धि पर ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी महाराज को शॉल व पटका पहनाकर उनका स्वागत किया। संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी धार्मिक कार्यों के साथ जिस तरह शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं, वह अनुकरणीय है, जिसका प्रभाव परीक्षा परिणामों में भी देखने को मिलता है। ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी महाराज ने कहा कि ऋषिकेश ने उन्हें जितना दिया है, उनकी कोशिश है कि उसका कुछ अंश लौटाया जा सके। जब बच्चे उपलब्धि प्राप्त करते हैं, तो वह उनके लिए गर्व का क्षण होता है। उन्होंने अपने गुरु से सीखा कि शिक्षा जीवन में अत्यंत आवश्यक है। करीब 18 वर्ष पहले जब स्कूल खुला था, तब से अब तक कई पड़ाव पार किए गए हैं। इस सफलता में विद्यार्थियों का कठिन परिश्रम, शिक्षकों का समर्पण तथा अभिभावकों का सहयोग शामिल है। उन्होंने कहा कि यह सफलता आने वाले वर्षों के लिए भी प्रेरणादायक सिद्ध होगी। इस दौरान प्रसिद्ध समाजसेवी अरविंद जैन, अशोक कुमार रस्तोगी, मदन मोहन शर्मा, राजकुमार तलवार, भारत भूषण वाली, आरडी गौनियाल, जगमोहन सिंघल और राकेश नागपाल आदि मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

