उत्तरकाशी,27 अपै्रल (आरएनएस)। तहसील डुंडा के तहत ग्राम सभा जुणगा के डांगडा तोक में बीते रविवार देर शाम एक मकान में आग लगने से दो लोग झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही चौकी ब्रह्मखाल से पुलिस टीम, फायर सर्विस व एसडीआरएफ चिन्यालीसौड़ की टीमें मौके के लिए रवाना की गईं। राहत और बचाव कार्य तेजी से किया गया लेकिन तब तक मकान जल चुका था। जिला आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार रात 11 बजे महेश सिंह भंडारी और अनिल सिंह भंडारी पुत्र शीशपाल सिंह भंडारी निवासी ग्राम जुणगा डांगडा तोक के मकान में अचानक आग लगी। अग्निकांड में मकान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। साथ ही घर का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। घटना में सुमेर सिंह भंडारी पुत्र स्व. कृतम सिंह भंडारी व प्रमिला देवी पत्नी सोहन सिंह भंडारी झुलस गए जिन्हें 108 एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती किया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। वहीं प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है और पीडि़त परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

