उत्तरकाशी,27 अपै्रल (आरएनएस)। यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के बीच व्यवस्थाओं की कमी साफ दिख रही है। मूलभूत सुविधाओं के अभाव में तीर्थयात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यमुना नदी तट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था के लिए सुरक्षा कर्मियों की उपस्थिति नजर नहीं आ रही है। धाम में सुरक्षित स्नान घाट, पर्याप्त चेंजिंग रूम और बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण श्रद्धालुओं को कठिन परिस्थितियों में यमुना नदी में स्नान करना पड़ रहा है। यात्रा से जुड़े हुए लोगों और पुरोहित समाज के पुरुषोत्तम उनियाल, सुरेश उनियाल, मनमोहन उनियाल, सुरेश नौटियाल का कहना है कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के अनुरूप सुविधाएं नाकाफी साबित हो रही है। क्षेत्र के महावीर सिंह पंवार ने सरकार से मांग की है कि यमुनोत्री धाम के समग्र विकास के लिए जल्द मास्टर प्लान तैयार कर उसे धरातल पर उतारा जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले वर्षों में बढ़ती भीड़ के बीच व्यवस्थाओं को संभालना और अधिक चुनौतीपूर्ण हो जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

