कोटद्वार,27 अपै्रल (आरएनएस)। नगर क्षेत्र के अंतर्गत लकड़ीपडाव में सोमवार सुबह बंद पड़ी टिनशेड से निर्मित एक दुकान के भीतर आग लग गई। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग पर काबू न पाया जाता तो आग आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लेती। अग्निशमन अधिकारी महताब अली खान ने बताया कि सोमवार सुबह 9:24 बजे पुलिस सेवा 112 पर सूचना मिली कि लकड़ीपड़ाव में आग लगी है। इस पर उनके निर्देशन में फायर स्टेशन से दो फायर टेंडर घटनास्थल के लिए रवाना हुए। घटनास्थल पर पहुंचकर दमकलकर्मियों ने देखा कि लकड़ीपड़ाव कोटद्वार में दिनेश गुसाईं की कई साल से बंद पड़ी टिनशेड से निर्मित दुकान में आग लगी है। दमकलकर्मियों ने दुकान का ताला तोड़कर आग को बुझाया और आसपास की दुकानों में आग लगने से बचाया। अग्निशमन अधिकारी ने आग से किसी प्रकार की जनहानि नहीं होने की बात कही।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

