ग्लोबर सुपरस्टार प्रियंका चोपड़ा भले ही विदेश में रहती हों, लेकिन भारत में उनका आना-जाना लगा रहता है। इसकी सबसे बड़ी वजह उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म वाराणसी है, जिसका निर्माण एसएस राजामौली कर रहे हैं। इस बीच खबर है कि उन्होंने देश में रहते हुए ही एक बायोपिक फिल्म की शूटिंग पूरी कर ली है। इस परियोजना के बारे में ज्यादा जानकारी तो सामने नहीं आई है, लेकिन चर्चा है कि प्रियंका को इसमें एक कैमियो करते हुए दिखाया जाएगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म का नाम अमरी है, जो हंगरी-भारतीय चित्रकार अमृता शेर-गिल की बायोपिक है। सूत्र ने बताया कि प्रियंका हाल ही में भारत में थीं। एक अन्य प्रतिबद्धता पूरी करने के बाद उन्होंने फिल्म की शूटिंग की। उन्होंने कहा, फिल्म का उद्देश्य हंगरी, भारत और फ्रांस में चित्रकार के जीवन को दर्शाना है। फिल्म में एक विशेष हिस्सा था जिसके लिए पिछले साल प्रियंका से संपर्क किया गया था, और उन्होंने पिछले सप्ताह इसकी शूटिंग की।
फिल्म का निर्माण भारतीय-अमेरिकी फिल्म निर्माता मीरा नायर कर रही हैं। प्रियंका एक विशेष भूमिका निभाएंगी। वहीं अमृता शेर-गिल की मुख्य भूमिका के लिए अभिनेत्री तान्या मानिकतला को कास्ट किया गया है। बता दें, अमृता शेर-गिल 20वीं सदी की मशहूर हंगेरियन-भारतीय चित्रकार थीं, जिन्हें आधुनिक भारतीय कला का अग्रणी माना जाता है। 19 साल की उम्र में उन्होंने अपनी पेंटिंग यंग गर्ल्स के लिए स्वर्ण पदक जीतने वाली सबसे कम उम्र की एशियाई महिला होने का गौरव हासिल किया था।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

