सिरसा 28 अप्रैल (आरएनएस)। जिला सिरसा के सिविल लाइन थाना परिसर में आज समाज में सुख-शांति, समृद्धि एवं पर्यावरण स्वच्छता के उद्देश्य से हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। इस आयोजन में पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विधि-विधान के साथ आहुति अर्पित कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम के दौरान डीएसपी संजीव बल्हार ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और आपसी भाईचारा मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के सभी वर्गों के बीच भेदभाव रहित समानता, सामंजस्य, सौहार्द और एकता बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हुए जनकल्याण के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाती है। इस हवन यज्ञ का संचालन पंडित कमल शर्मा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न कराया गया। इस दौरान थाना सिविल लाइन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बलराज सिंह,थाना मुंशी अजय कुमार सहित अनेक पुलिसकर्मियों ने हवन यज्ञ में भाग लेते हुए आहुति डाली और समाज में शांति, समृद्धि एवं सद्भावना की प्रार्थना की। डीएसपी संजीव बल्हारा ने अपने संबोधन में कहा कि हवन यज्ञ से जहां मन को शांति मिलती है, वहीं वातावरण भी शुद्ध होता है। उन्होंने बताया कि हवन से वायु में मौजूद कई प्रकार के जीवाणुओं का नाश होता है, जिससे पर्यावरण स्वच्छ और स्वास्थ्य के लिए अनुकूल बनता है। साथ ही, यह आध्यात्मिक शुद्धता को भी बनाए रखने में सहायक होता है। उन्होंने आगे कहा कि सनातन परंपरा में यज्ञ को पूजा का सर्वोत्तम माध्यम माना गया है और प्रत्येक व्यक्ति को समय-समय पर ऐसे धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेना चाहिए। कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थितजनों द्वारा क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना के साथ किया गया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

