जांजगीर-चांपा, 28 अप्रैल (आरएनएस)। पुलिस कार्यालय में जहर सेवन कर हंगामा करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने वाले युवक के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।पुलिस के अनुसार, 23 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे टिकेश्वर उर्फ टी.आर. साहू (23 वर्ष), निवासी मड़वा, जांजगीर, पुलिस कार्यालय पहुंचा और जबरन पुलिस अधीक्षक के कक्ष में घुसने का प्रयास करने लगा। ड्यूटी में तैनात स्टाफ द्वारा रोके जाने पर उसने विवाद किया और धक्का-मुक्की करते हुए अंदर जाने की कोशिश की।संदेह होने पर पुलिस ने उसकी तलाशी ली, जिसमें उसके पास से कीटनाशक दवा का खुला पैकेट मिला। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने जहर का सेवन किया है। इसके बाद तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज किया गया।जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी झूठी शिकायतों के जरिए दबाव बनाने के लिए इसी तरह की हरकत कर चुका है। इस बार भी उसने अपनी शिकायत पर कार्रवाई कराने के लिए आत्महत्या का प्रयास कर दबाव बनाने की कोशिश की।मामले में सिटी कोतवाली थाना में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 221, 232 और 226 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

