कोरबा 28 अप्रैल (आरएनएस) पुलिस ने ऐसा दबिश अभियान चलाया कि सालों से फरार वारंटियों की नींद उड़ गई और सिर्फ दो दिनों में 76 आरोपी सीधे सलाखों के पीछे पहुंच गए, “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत 27 और 28 अप्रैल 2026 को जिलेभर में सघन कार्रवाई की गई, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के सख्त निर्देशों पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में तीनों अनुभागों की टीमों ने एक साथ दबिश दी, पहले दिन 7 स्थायी वारंटी और 19 गिरफ्तारी वारंटी तामील किए गए, वहीं दूसरे दिन 19 स्थायी वारंटी और 24 गिरफ्तारी वारंटी पकड़कर कुल आंकड़ा 76 तक पहुंच गया, ये सभी आरोपी लंबे समय से कोर्ट के वारंट के बावजूद फरार चल रहे थे और पुलिस की नजर से बचते फिर रहे थे, लेकिन योजनाबद्ध रणनीति, सतत निगरानी और ताबड़तोड़ दबिश ने उनके छिपने के सारे रास्ते बंद कर दिए, गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया, इस अभियान ने साफ कर दिया है कि कोरबा पुलिस अब फरार आरोपियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस मोड में काम कर रही है और किसी भी कीमत पर कानून से भागने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी अवैध गतिविधि या अपराध की सूचना तुरंत दें ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके, फिलहाल यह ताबड़तोड़ एक्शन यह संदेश देता है कि कोरबा में कानून से भागना अब नामुमकिन होता जा रहा है और पुलिस की पकड़ हर दिन और मजबूत हो रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

