• *गंगा पथ की तर्ज पर नारायणी तट से आमी मंदिर तक भव्य तथा गंगा फ्रंट का समग्र विकास भी प्रस्तावित ।*
• *बाकरपुर–डुमरिया घाट एक्सप्रेसवे का निर्माण दरियापुर के कोनहुआ से लेकर गोपालगंज तक का प्रस्ताव।*
• *रूडी द्वारा इन परियोजनाओं को लेकर निरंतर प्रयास जारी; बिहार सरकार भी इनके क्रियान्वयन के प्रति प्रतिबद्ध।*
• *इन परियोजनाओं के लिए सांसद ने मुख्यमंत्री से किया विशेष आग्रह, सरकार भी क्रियान्वयन हेतु प्रतिबद्ध*
• *पूर्व से ही दिघवारा में नया पुल, उत्तरी रिंग रोड, हवाई अड्डा, हरिहरनाथ कॉरिडोर, दिघवारा-भेल्दी स्पर व शहरी विकास योजनाएं स्वीकृत है*
• *प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत विजन के अनुरूप बिहार में तेज़ विकास*
छपरा, 29 अप्रैल (आरएनएस) । सारण सांसद सह पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी के सतत प्रयासों और विशेष आग्रह के परिणामस्वरूप सरकार मे बिहार के विकास को नई गति देने वाले महत्वपूर्ण योजनाओं के कार्यन्वयन के प्रति प्रतिबद्ध है। सांसद ने स्पष्ट किया कि सारण क्षेत्र से जुड़े दो बड़े प्रस्तावों, उत्तरी गंगा पथ और एक्सप्रेसवे परियोजना को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का उनका पप्रयास निरंतर जारी है और सरकार भी इसके लिए प्रतिबद्ध है। ये परियोजनाएँ आने वाले समय में पूरे उत्तर भारत के विकास का नया मानक स्थापित करेंगे।
सांसद ने बताया कि पहली परियोजना गंगा पथ की तर्ज पर बिदुपुर से आमी मंदिर तक उत्तरी गंगा पथ के निर्माण की है। इस परियोजना से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी, व्यापार को नई गति मिलेगी और आवागमन सुगम होगा, जिससे सारण सहित आसपास के जिलों को सीधा लाभ मिलेगा। दूसरी महत्वपूर्ण परियोजना के संदर्भ में सांसद रूडी ने बताया कि बाकरपुर–डुमरिया घाट के शेष बचे कार्य को पूरा करते हुए कोनहुआ से गोपालगंज तक एक्सप्रेस हाईवे का निर्माण प्रस्तावित है। सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र को तेज़ और आधुनिक सड़क संपर्कता प्रदान करेगी, जिससे आर्थिक गतिविधियों को बल मिलेगा। सांसद राजीव प्रताप रूडी ने यह भी उल्लेख किया कि पूर्व में प्रगति यात्रा के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सांसदों के आग्रह पर गोपालगंज से पटना तक एक्सप्रेसवे निर्माण की घोषणा की थी, जिससे यात्रा समय घटकर लगभग डेढ़ घंटे रह जाएगा। सांसद ने कहा कि यह निर्णय बिहार के परिवहन ढांचे को नई दिशा देने वाला है।
इसके अतिरिक्त सांसद ने बताया कि दिघवारा में जेपी सेतु के समानांतर एक नए पुल का निर्माण, उत्तरी रिंग रोड का विकास, नया हवाई अड्डा और शहरी विकास की अन्य योजनाएं भी हैं। सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि ये सभी परियोजनाएं मिलकर सारण सहित पूरे बिहार के विकास के नक्शे को बदलने की क्षमता रखती हैं। उन्होंने कहा कि हालिया बिहार कैबिनेट के निर्णयों में औद्योगिक विकास को प्राथमिकता दी गई है जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के विजन को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

