ऋषिकेश,29 अपै्रल (आरएनएस)। डोईवाला नगर पालिका क्षेत्र में निराश्रित पशुओं की बढ़ती समस्या के समाधान के लिए नगर पालिका प्रशासन ने ठोस पहल शुरू कर दी है। नगर क्षेत्र में बेसहारा गोवंश और अन्य पशुओं के संरक्षण एवं देखभाल के लिए उपयुक्त भूमि की तलाश की जा रही है। ताकि उनके लिए स्थायी आश्रय स्थल विकसित किया जा सके। डोईवाला नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि निराश्रित पशुओं की सुरक्षा और आमजन की सुविधा दोनों ही नगर पालिका की प्राथमिकता हैं। इसके लिए पालिका स्तर पर विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया जा रहा है और जैसे ही उपयुक्त जमीन उपलब्ध होगी, आश्रय स्थल के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह कदम पशु कल्याण के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में भी सहायक होगा। ईओ एमएल शाह ने बताया कि प्रशासनिक स्तर पर भूमि चयन को लेकर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित किया जा रहा है। ताकि कानूनी और तकनीकी अड़चनें न आएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने कहा कि निराश्रित पशुओं के कारण सफाई व्यवस्था और यातायात पर भी असर पड़ता है। आश्रय स्थल बनने से नगर की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी और पशुओं को सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा। नगर पालिका की इस पहल को नगरवासियों ने सराहा है और उम्मीद जताई है कि जल्द ही निराश्रित पशुओं के लिए स्थायी समाधान सामने आएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

