ऋषिकेश,29 अपै्रल (आरएनएस)। बैंक ऑफड़ौदा की स्थानीय शाखा में बैंक में लेनदेन के लिए आए सभी खाता धारकों को साइबर अपराध से बचने के उपाय समझाए गए। बैंक अधिकारियों ने कहा कि जागरूक ग्राहक ही सुरक्षित ग्राहक होता है। थोड़ी सी सावधानी अपनाकर साइबर ठगी से आसानी से बचा जा सकता है। बुधवार को डोईवाला स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की स्थानीय शाखा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। शाखा प्रबंधक संजय सिंह ने खाताधारको से कहा कि बैंक कभी भी फोन कॉल, मैसेज, ई-मेल या सोशल मीडिया के माध्यम से ओटीपी, पिन, पासवर्ड, सीवीवी नंबर या खाता संबंधी गोपनीय जानकारी नहीं मांगता। यदि कोई व्यक्ति खुद को बैंक अधिकारी बताकर ऐसी जानकारी मांगता है तो उसे तुरंत फर्जी समझें और सतर्क हो जाएं। उन्होंने कहा कि अनजान लिंक पर क्लिक करना या संदिग्ध कॉल पर भरोसा करना भारी नुकसान का कारण बन सकता है। उप प्रबंधक अजय रांगड़ ने कहा कि केवाईसी अपडेट, खाता बंद होने, रिवॉर्ड या इनाम मिलने जैसे संदेशों के जरिए ठग लोगों को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने खाता धारकों से अपील की कि किसी भी तरह की सूचना की पुष्टि केवल बैंक शाखा या बैंक के आधिकारिक माध्यम से ही करें। कहा कि यदि किसी खाता धारक को अपने खाते में संदिग्ध लेनदेन दिखाई दे तो तुरंत बैंक को सूचना दें और समय रहते शिकायत दर्ज कराएं। नियमित रूप से खाते की जांच करना और मोबाइल अलर्ट सुविधा चालू रखना भी जरूरी है। मौके पर मनोज कुमार, कुलदीप सिंह प्रिया नेगी अभिषेक गुप्ता, राजेंद्र वर्मा विमला, अनीता, गोपाल आदि खाताधारक उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

