सिरसा 30 अप्रैल (आरएनएस)। सीएम विंडो की सुनवाई के दौरान जिला जेल सिरसा में उपयोग किए जाने वाले बर्तनों एवं कंबलों की गुणवत्ता को लेकर एक शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के संज्ञान में आते ही एमिनेंट पर्सन की टीम द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर जाकर विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण में एमिनेंट पर्सन कपिल सोनी एडवोकेट, सुनील बामनिया, विष्णु शर्मा, सुशील सैनी तथा नीरज सैनी शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान टीम ने जेल परिसर के विभिन्न हिस्सों का बारीकी से अवलोकन किया और पाया कि कैदियों के उपयोग में आने वाले बर्तन पूरी तरह साफ-सुथरे एवं उपयोग योग्य स्थिति में हैं। इसी प्रकार कंबल भी अच्छी अवस्था में पाए गए, जिनमें किसी प्रकार की कमी या लापरवाही नहीं पाई गई। इसके अतिरिक्त, टीम ने जेल अधीक्षक जसवंत की उपस्थिति में बैरकों, रसोई घर, कैंटीन तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष का भी निरीक्षण किया। सभी स्थानों पर साफ-सफाई, अनुशासन एवं व्यवस्थाओं का स्तर संतोषजनक पाया गया। टीम ने जेल में तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच के लिए स्वयं भोजन का सेवन किया तथा आरओ का पानी पीकर उसकी गुणवत्ता का भी परीक्षण किया, जो पूरी तरह संतोषजनक पाया गया। निरीक्षण के दौरान कैदियों द्वारा संचालित पेट्रोल पंप का भी अवलोकन किया गया, जहां उनके पुनर्वास एवं कौशल विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयास सराहनीय पाए गए। एमिनेंट पर्सन टीम ने जेल प्रशासन द्वारा कैदियों के सुधार एवं पुनर्वास के साथ-साथ बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की।
जेल अधीक्षक जसवंत के नेतृत्व में जेल में अनुशासन, स्वच्छता और व्यवस्थाओं का बेहतर समन्वय देखने को मिला, जो अन्य संस्थानों के लिए भी एक उदाहरण प्रस्तुत करता है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

