सिरसा 30 अप्रैल (आरएनएस)। बरनाला रोड स्थित पुलिस लाइन सिरसा के सामुदायिक केंद्र में आज सेवानिवृत्त होने वाले 13 पुलिसकर्मियों के सम्मान में एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अपने परिवारजनों सहित उपस्थित रहे, जिससे समारोह भावनात्मक और स्मरणीय बन गया। इस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने शिरकत की। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में सेवा देना केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज सेवा का सशक्त माध्यम है, जिसमें त्याग, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की आवश्यकता होती है। उन्होंने बताया कि सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष विभाग को समर्पित कर समाज में सुरक्षा और विश्वास कायम करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।एसपी दीपक सहारन ने कहा कि पुलिसकर्मी हर परिस्थिति—चाहे सर्दी, गर्मी या बारिश—में अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हैं और आमजन को सुरक्षित वातावरण प्रदान करते हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पुलिस सेवा के दौरान कर्मियों को अक्सर अपने परिवार से दूर रहना पड़ता है और व्यक्तिगत जीवन में कई त्याग करने पड़ते हैं, फिर भी वे पूरी ईमानदारी और लगन से अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं। उन्होंने सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने अनुभव और ऊर्जा का उपयोग सामाजिक कार्यों में करते रहें तथा समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि जहां भी ड्यूटी मिले, वहां उत्कृष्ट कार्यशैली और ईमानदारी से कार्य कर विभाग की सकारात्मक छवि को मजबूत करना चाहिए। इस अवसर पर सेवानिवृत होने वाले निरीक्षक प्रहलाद सिंह, उप निरीक्षक धर्मपाल, महिला उप निरीक्षक कुलवंत कौर, अजय कुमार, बलदेव राज, राजपाल, रोहताश, भोला सिंह, संत लाल, राजकुमार, कालू राम, हरवंश लाल एवं मुख्य सिपाही सुल्तान सिंह के नाम मुख्य रूप से शामिल थे । एसपी दीपक सहारन ने सिरसा पुलिस की और से सभी पुलिस कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डीएसपी संजीव बल्हारा, जिला कल्याण निरीक्षक सीमा सोढ़ी सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और परिजन उपस्थित रहे। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

