सुल्तानपुर 1 मई (आरएनएस)। जनपद के कटका बाजार निवासी समाजसेवी दुर्गेश मिश्र ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात कर क्षेत्रीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान उन्होंने एक अनोखे अंदाज में जनपद की जमीनी हकीकत को सामने रखते हुए गीत के माध्यम से अपनी बात रखी, जिसे सुनकर उपस्थित लोग भी भावुक हो उठे।
दुर्गेश मिश्र ने अपने गीत में वर्तमान समय की प्रमुख समस्याओं जैसे बेरोजगारी, बढ़ती महंगाई, युवाओं की परेशानियां और आम जनता के संघर्ष को मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि जनपद सुल्तानपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे उनमें निराशा बढ़ रही है। वहीं लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दुर्गेश मिश्र की प्रस्तुति को गंभीरता से सुना और उनके प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को इस तरह रचनात्मक तरीके से सामने लाना सराहनीय है और इससे समाज में जागरूकता बढ़ती है। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि आम जनता के मुद्दों को हमेशा प्राथमिकता दी जाएगी।
मुलाकात के दौरान दुर्गेश मिश्र ने पूर्व सरकार में किए गए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया और उनके समर्थन में गीत प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि जनता आज भी उन कार्यों को याद करती है और उम्मीद करती है कि भविष्य में फिर से विकास की वही गति देखने को मिलेगी। इस मुलाकात के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के प्रयास जनप्रतिनिधियों तक जनता की आवाज पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

