पत्रकारों को मिला आदर्श आचरण का संदेश
सुल्तानपुर 1 मई (आरएनएस)। देवर्षि नारद जयंती के पावन अवसर पर शुक्रवार को नगर के मेहमान रेस्टोरेंट में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचार विभाग द्वारा मोहनपुर इकाई के संयोजन में सुबह 11.00 बजे संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. बीके झा ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए काशी प्रांत के प्रचार प्रमुख डॉ. मोराजी त्रिपाठी ने कहा कि पत्रकारों को अपने दायित्व का बोध देवर्षि नारद के आदर्शों से लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के दौर में कलम चलाना अत्यंत चुनौतीपूर्ण कार्य हो गया है, ऐसे में पत्रकारिता को समाज को “अमंगल से मंगल की ओर ले जाने का माध्यम बनना चाहिए। उन्होंने देवर्षि नारद को पत्रकारिता का जनक बताते हुए कहा कि उनका जीवन सत्य, संवाद और लोककल्याण का प्रतीक रहा है। डॉ. त्रिपाठी ने यह भी कहा कि नारद मुनि न केवल विष्णु भक्त के रूप में पूजनीय हैं, बल्कि उन्हें संगीत का प्रणेता भी माना जाता है। पत्रकारिता का मूल उद्देश्य भी समाज में सत्य, शिव और सुंदर के भाव को स्थापित करना है, जिसे सत्यम् शिवम् सुंदरम के रूप में समझा जा सकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. बीके झा ने अपने उद्बोधन में सभी उपस्थित पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकार समाज का आईना होता है और उसकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित जनपद के सुप्रसिद्ध सर्जन डॉ. ए.के. सिंह ने कहा कि देवर्षि नारद के जीवन से प्रेरणा लेकर पत्रकारों को वर्तमान समय में संतुलन बनाए रखते हुए समाजहित में कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर विभाग श्री प्रकाश, डॉ राधाकृष्णन विभाग बौद्धिक शिक्षण प्रमुख शक्ति प्रकाश साजिला कार्यवाह अभिषेक नीरज विजय सहित अनेक पत्रकारों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम की शोभा और भी बढ़ गई। कार्यक्रम में पत्रकारिता के मूल्यों, सामाजिक दायित्वों एवं सांस्कृतिक परंपराओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

