सुल्तानपुर 1 मई (आरएनएस)। शहर में एसी के कॉपर पाइप और तार चोरी के मामलों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई आरोपितों को गिरफ्तार किया है। नगर कोतवाली पुलिस की टीम जिसमें महिला और पुरुष सिपाही शामिल थे, चौक क्षेत्र स्थित एक बर्तन दुकानदार के यहां पहुंची और पूछताछ की।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने एसी के कॉपर पाइप चोरी करने वाले चोरों के साथ-साथ चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ डीलर (रिसीवर) को भी गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि संबंधित दुकानदार चोरी का कॉपर तार गुपचुप तरीके से खरीदता था। पकड़े गए आरोपितों ने पूछताछ में खुलासा किया कि वे बंद पड़े दफ्तरों और सुनसान मार्केट को निशाना बनाकर एसी के आउटडोर यूनिट से कॉपर पाइप और तार काटकर चोरी करते थे। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से कॉपर तार के कई बंडल भी बरामद किए हैं।
गौरतलब है कि गर्मी बढऩे के साथ शहर में एसी कॉपर चोरी की घटनाओं में तेजी आई है। बस स्टेशन क्षेत्र और गोपालदास इलाके में एक चिकित्सक के यहां भी ऐसी घटनाएं सामने आई थीं। सुपर मार्केट में भी मेडिकल दुकानदारों को इस तरह की चोरी से हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। सूत्रों का कहना है कि इस तरह की चोरी में लिप्त अधिकांश आरोपी नशे के आदी होते हैं, जो कटर की मदद से बिना आवाज किए कुछ ही मिनटों में कॉपर पाइप काट लेते हैं। फिलहाल, नगर कोतवाली पुलिस चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य कबाड़ डीलरों की तलाश में जुटी हुई है और आगे भी कार्रवाई जारी रहने की संभावना है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

