हरिद्वार,01 मई (आरएनएस)। थाना क्षेत्र में पथरी-रोह पुल के पास हुए सड़क हादसे में एक फैक्ट्री कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। शुक्रवार को घायल की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बहादरपुर सैनी गांव निवासी रीना देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पति गणेश कुमार बेगमपुर स्थित एक कंपनी में कार्यरत हैं। गुरुवार देर शाम वह ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। वह पथरी-रोह पुल के पास पहुंचे, तभी पास के पेट्रोल पंप से अचानक एक कार बाहर निकली और उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गणेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही कार चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस चौकी प्रभारी प्रवीण बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर शुक्रवार को मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

