चमोली,01 मई (आरएनएस)। बदरीनाथ हाईवे पर ज्योतिर्मठ से मारवाड़ी के बीच कमद गांव के पास एक टेंपो ट्रेवलर के खराब होने से करीब दो घंटे तक यात्रा वाहन फंसे रहे। इस दौरान क्षेत्र में बारिश भी हो गई। तीर्थयात्रियों ने अपने वाहनों में बैठकर ही हाईवे खुलने का इंतजार किया। शाम छह बजे हाईवे खुलने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली। हालांकि वाहनों की लंबी लाइन और संकरी सड़क होने के कारण देर शाम तक भी यहां वाहनों की आवाजाही सामान्य नहीं हो पाई थी। शुक्रवार को शाम करीब चार बजे कमद गांव के समीप तीर्थयात्रियों को बदरीनाथ से लेकर आ रहा एक टेंपो ट्रेवलर अचानक हाईवे पर ही खराब हो गया जिससे हाईवे के दोनों ओर जाम लग गया। देखते ही देखते करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की लाइन लग गई। जहां टेंपो खराब हुआ वहां हाईवे बेहद संकरा और चट्टानी भाग है। शाम पांच बजे मौके पर ज्योतिर्मठ से पुलिस टीम पहुंची और टेंपो को हाईवे से किनारे किया गया। इसके बाद वाहनों को एक-एक कर गंतव्य को भेजा गया। शाम छह बजे तक जाम में फंसे वाहनों को पूरी तहर से निकाला जा सका। थाना प्रभारी देवेंद्र रावत का कहना है कि इस क्षेत्र में चट्टान पर कई पत्थर लटक रहे हैं। बीआरओ के अधिकारियों को पत्थरों को हटाने और सड़क चौड़ीकरण के लिए कहा गया मगर अभी तक हाईवे तंग हालत में है जिससे वाहनों की आवाजाही में दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने बताया कि वाहनों को एक-एक कर निकाला जा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

